आयुष व खेल विभाग की ओर से रविवार को एसएम हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें खंड स्तर पर विजेता रहे छह वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिला स्तर पर प्रतियोगिता में प्रत्येक श्रेणी में प्रथम तीन स्थान पर रहे 36 प्रतिभागियों को 15 जून को करनाल में होने वाले राज्य स्तरीय योग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राम अवतार सिंह ने बताया कि योग मानव जीवन का एक अभिन्न अंग है। जिसे बिना किसी विशेष उपकरण, जटिल अभ्यास या लैंगिक भेदभाव के हर कोई कर सकता है। यह तन, मन और आत्मा को स्वस्थ बनाए रखने का सरल और प्रभावी माध्यम है, जिसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष, 14 से 18 वर्ष, 18 से 28 वर्ष, 28 से 40 वर्ष, 40 से 60 वर्ष व 60 वर्ष से ऊपर के प्रतिभागियों ने भाग किया।