नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के बीच, मोहना गार्डन में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने जा रही टाटा एस गाड़ी पर बाइक सवारों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने चालक को गाड़ी से बाहर निकालकर मारपीट की और गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार सुबह मोहता गार्डन में एक टाटा एस गाड़ी से डोर-टू-डोर कचरा उठाया जा रहा था। इसी दौरान तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और गाड़ी को रुकवा लिया। उनमें से एक युवक ने चालक के साथ बहस शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। कुछ ही देर में, मुंह कपड़े से ढके हुए दो से तीन और युवक भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर चालक को गाड़ी से बाहर निकाला और मारपीट की। एक युवक ने टाटा एस गाड़ी के शीशे पर मुक्कों से वार कर उसे तोड़ दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो जाने के कारण हमलावर युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कर्मचारी ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।