रोहतक। जापान में आयोजित एशियाड में पदक जीतने वाली रोहतक की दो महिला खिलाड़ियों सुचिका तरियाल हुड्डा और परवीन हुड्डा को हुड्डा खाप ने सम्मानित किया। गांव बसंतपुर में खाप की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। खाप प्रतिनिधियों ने दोनों खिलाड़ियों को फुल माला और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। एशियाड में परवीन ने मुक्केबाजी के 65 किलो भार वर्ग में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। सुचिका ने एमएमए में देश को पहला पदक दिलाया। उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। कार्यक्रम के दौरान सूचिका भावुक हो गईं और कहा कि सौभाग्य से उन्हें बेहद अच्छा ससुराल मिला है। सास-ससुर समेत पूरे परिवार ने उनका सहयोग किया। शादी के 10 साल बाद भी वह खेल को अपना समय दे पा रही हैं। इसमें उनके परिवार का बहुत योगदान है। परवीन ने ग्रामीणों से कहा कि आप सभी का आशीर्वाद बहुत जरूरी है। मेरे खेल में आपकी दुआओं का भी असर हुआ है कि मैं जीत सकी हूं। आप सभी के बीच आकर बहुत अच्छा लगता है।