फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: सीएम फ्लाइंग और कृषि विभाग की छापेमारी में खाद घोटाले की आशंका, 960 कट्टे यूरिया मिला अतिरिक्त

शाहिल शर्मा Updated Wed, 10 Jun 2026 07:01 PM IST

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने नई अनाज मंडी स्थित एक खाद विक्रेता के प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर खाद कारोबार में बड़ी अनियमितता का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में भारी अंतर मिलने के बाद विभाग ने जांच तेज कर दी है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने नई अनाज मंडी की दुकान नंबर 47 पर छापा मारकर स्टॉक, बिलिंग रिकॉर्ड और पीओएस मशीन के डाटा की गहन जांच की। जांच के दौरान दुकान में कुल 1660 कट्टे यूरिया मौजूद पाए गए। जबकि पीओएस मशीन के रिकॉर्ड के अनुसार मौके पर उपलब्ध स्टॉक इससे काफी कम होना चाहिए था। अधिकारियों द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में करीब 960 कट्टे यूरिया अतिरिक्त पाए गए, जिससे अनियमितताओं की आशंका और गहरा गई। अधिकारियों ने जब अतिरिक्त स्टॉक के संबंध में दुकान संचालक से जवाब मांगा तो उसने कुछ खरीद संबंधी बिल प्रस्तुत किए। हालांकि जांच में सामने आया कि बिलों में दर्ज खाद का विवरण पीओएस मशीन के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था। इसके बाद टीम ने संबंधित दस्तावेज और बिल अपने कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान कई किसान भी मौके पर पहुंच गए। किसानों ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि उन्हें निर्धारित मात्रा से कम खाद दी गई, जबकि रिकॉर्ड में उनके नाम पर अधिक कट्टे जारी दिखाए गए हैं। किसानों के आरोपों के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। कृषि विभाग ने डीएपी और यूरिया के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। साथ ही उर्वरक नियंत्रण आदेश (फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर), 1985 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के लाइसेंस को निलंबित करने सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें