रेवाड़ी। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की अखिल भारतीय हड़ताल का असर शहर में भी दिखाई दिया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर कर्मचारियों ने महाराणा प्रताप चौक के पास प्रदर्शन कर सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के खिलाफ रोष जताया। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज ठप रहा, जिससे जरूरी काम से बैंक पहुंचे ग्राहकों को परेशानी हुई। यूनियन नेताओं एसबीआई से महेश यादव, विनोद कुमार, अविनाश यादव व बबरुभान शर्मा, पीएनबी से सतीश बाटला, सीपी यादव व विवेक यादव, बैंक ऑफ बड़ौदा से लोकेश, केनरा बैंक से लोकेश तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से शीतल यादव ने कहा कि मार्च 2024 में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर आईबीए और बैंक यूनियनों के बीच समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। नेताओं के अनुसार बैंकिंग समय में प्रतिदिन 40 मिनट बढ़ाने पर भी सहमति बनी थी, ताकि शनिवार की छुट्टी से ग्राहकों को उपलब्ध कुल बैंकिंग समय प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि कई सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह पहले से लागू है। वहीं बैंक कर्मचारी अवकाश के दिनों में भी एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई समेत डिजिटल माध्यमों से ग्राहकों को सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद बैंककर्मियों की मांग लंबित है। यूनियन नेताओं ने कहा कि हड़ताल में शामिल कर्मचारियों ने एक दिन का वेतन त्याग कर मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया है। यूएफबीयू ने मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 28, 29 और 30 सितंबर को फिर अखिल भारतीय हड़ताल तथा 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है।