रेवाड़ी। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से तैयार किए गए नए रोडमैप को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया। ब्रास मार्केट में सर्कल नंबर-3 के उद्घाटन के लिए पहुंचे उपायुक्त अभिषेक मीणा, डीएमसी डॉ. प्रदीप अहलावत और नगर परिषद के अधिकारियों को पार्षदों के विरोध का सामना करना पड़ा। पार्षदों ने नई व्यवस्था लागू करने से पहले उनसे विचार-विमर्श नहीं करने और वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम करने के आरोप लगाए। करीब 15 मिनट तक अधिकारियों और पार्षदों के बीच बहस होती रही। विरोध के चलते उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। इसके बाद अधिकारी और पार्षद बैठक के लिए नगर परिषद कार्यालय रवाना हो गए। पार्षदों का कहना था कि शहर में नई सफाई व्यवस्था लागू करने से पहले न तो उनसे सुझाव लिए गए और न ही उन्हें पूरी जानकारी दी गई। अब व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें अपने वार्ड के सफाई दरोगा और जमादार तक का नाम पता नहीं है। वार्ड के लोग सफाई संबंधी शिकायतें लेकर उनके पास पहुंचते हैं, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी की जानकारी नहीं होने के कारण वे शिकायतों का समाधान कराने में असमर्थ हैं। कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र बढ़ने से सफाई प्रभावित होने का आरोप: पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर को अलग-अलग जोन और सर्कल में बांटने से सफाई कर्मचारियों और दरोगाओं का कार्यक्षेत्र बढ़ गया है। उन्हें एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में पहुंचने में काफी समय लग जाता है। इससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। पार्षदों के अनुसार, कुछ वार्डों में अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं, जबकि कई वार्डों में कर्मचारियों की संख्या घटा दी गई है। ऐसे में गलियों और रिहायशी क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। पार्षदों ने डीएमसी डॉ. प्रदीप अहलावत पर आरोप लगाया कि उन्होंने चेयरमैन और पार्षदों को विश्वास में लिए बिना सफाई कर्मचारियों की अदला-बदली कर दी। वार्डों को अलग-अलग बीट में बांटते समय स्थानीय परिस्थितियों और पार्षदों के सुझावों को भी शामिल नहीं किया गया। उनका कहना था कि वार्ड की भौगोलिक स्थिति और गलियों के हिसाब से सफाई की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। 27 सर्कल और 270 बीट में बांटने की थी योजना: करीब 20 दिन पहले डीएमसी ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नया रोडमैप तैयार किया था। इसके तहत पूरे शहर को 27 सर्कल में बांटकर सफाई कराने की योजना बनाई गई थी। प्रत्येक सर्कल में 10 बीट निर्धारित की गई थीं और हर बीट में दो से तीन सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जानी थी। व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र में सफाई की जिम्मेदारी तय करने के साथ निगरानी व्यवस्था मजबूत करना था। इसी योजना के तहत शुक्रवार को सर्कल नंबर-3 का उद्घाटन किया जाना था। मांगें नहीं मानीं तो देंगे धरना: पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना देंगे। इसमें वार्डों के लोगों को भी शामिल किया जाएगा। इस दौरान पार्षद चेतराम सैनी, चंदन यादव, सुचित्रा चांदना, पूनम सतीजा, सचिन सहित पार्षद पति मोनू राव और भूपेंद्र गुप्ता मौजूद रहे। पार्षदों के सुझाव लेकर किया जाएगा समाधान: डीएमसी डीएमसी डॉ. प्रदीप अहलावत ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत शहर के 27 सर्कल में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। प्रत्येक वार्ड में सूचना बोर्ड भी लगाया गया है, ताकि आमजन सफाई संबंधी शिकायत सीधे दर्ज करा सकें। शुक्रवार को उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कुछ पार्षदों ने अपनी आपत्तियां रखीं। सभी पार्षदों के सुझाव लिए जाएंगे। यदि किसी वार्ड में व्यवस्था को लेकर परेशानी है तो उसका समाधान किया जाएगा।