शहर में एलपीजी सिलिंडर के लिए स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा लोगों को सिलिंडर बुक होने वाले ओटीपी का फोन पर न आना सिलिंडर की किल्लत का कारण बन रहा है। इससे उन्हें कई घंटों के इंतजार के बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल रहा है। बुधवार को सुबह ही सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लोगों की लाइन लगी रही। कई घंटों के इंतजार के बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाया है। इस पर लोगों ने गैस एजेंसी कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए है। साथ ही कई लोगों को अगले महीने सिलिंडर देने के लिए बोला जा रहा है। इससे लोगों में रोष बना हुआ है। सिलेंद्र, अशोक और बिजेंद्र ने बताया कि वह दो दिनोंं से सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे है लेकिन एजेंसी कर्मचारियों द्वारा फोन पर बुक करने का ओटीपी न आने के कारण उन्हें सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कई एजेंसी वालों पर सिलिंडर को ब्लैक में देने के आरोप भी लगाए है। उन्होंने बताया कि एजेंसी कर्मचारी मिलीभगत कर लोगों को महंगे दामों में गैस सिलिंडर उपलब्ध करा रहे हैं। इससे सिलिंडर के असली हकदारों को इसकी किल्लत उठानी पड़ रही है। लोगों ने समस्या के निस्तारण के लिए जल्द कोई ठोस कदम उठाने की बात कही है।