चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के सामने दुकानदार से गन पॉइंट पर स्विफ्ट डिजायर कार लूटकर फरार हुए चार बदमाशों को पलवल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को गदपुरी थाना क्षेत्र में पृथला से छपरौला रोड़ की तरफ बड़े मंदिर के पास पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी गाड़ी से उतरकर झाड़ियों की ओर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीछा कर रही टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, दो अवैध हथियार, चार जिंदा कारतूस, खाली खोल, दोनों नंबर प्लेट और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।