पलवल जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कांटे का मुकाबला देखने को मिला। दीपक चौहान ने नेत्रपाल चौहान को महज पांच वोटों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। दीपक चौहान को 858 वोट मिले, जबकि नेत्रपाल चौहान को 853 मत प्राप्त हुए। तीसरे उम्मीदवार वेद प्रकाश गौड़ को आठ वोट मिले। कुल 1719 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मतदान सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला। अध्यक्ष पद के अलावा सेक्रेटरी पद पर राकेश चौहान और ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर आकाश भारद्वाज ने जीत दर्ज की। मतदान और मतगणना के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। एसपी और डीएसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई। परिणाम घोषित होने के बाद दीपक चौहान के समर्थकों ने खुशी जताई और उनका स्वागत कर बधाई दी।