नारनौल। शहर की रामकरण दास कॉलोनी में एक युवक की बाइक में सांप मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि सांप ने किसी को डसा नहीं, लेकिन उसे बाहर निकालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। कॉलोनी निवासी महिला ने साहस का परिचय देते हुए सांप को चिमटे से पकड़ कर बाहर निकाला और डिब्बे में बंद कर सुरक्षित स्थान पर छोड कर आए। जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी विनीत की किराना की दुकान है, सुबह 7 बजे वह किसी काम से बाजार गया था। वापस आते समय उसके साथ एक और व्यक्ति भी बाइक पर था। घर आकर जैसे ही बाइक खड़ी कर उतरने लगे तभी दुकान से सामान खरीदने आए बच्चे की नजर बाइक में छिपे सांप पर गई और उसने शोर मचाया और बाइक पर सवार युवक बाइक से दूर हो गए। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने सांप को बाहर निकालने की कोशिश की। करीब 6 घंटे तक सांप को निकालने की मशक्कत चलती रही। सांप कभी बाइक से बाहर आता, तो कभी वापस अंदर घुस जाता था। जब परिवार सफल नहीं हुआ, तो एक मिस्त्री और सपेरे को भी बुलाया गया। लेकिन सांप बाइक से नहीं निकल पाया। सांप लगातार बाइक के अंदरूनी हिस्सों में छिप रहा था और सांप को बाहर निकालना मुश्किल साबित हुआ। ------------ सबीना ने चिमटे से पकड़ कर निकाला सांप : कॉलोनी निवासी सबीना ने साहस व सूझ-बूझ का परिचय देते हुए, कुछ देर बाइक के आस-पास आवाज नहीं करने की सलाह दी ताकि पता लगाया जा सकें की सांप कहां छिपा बैठा है। जैसे ही सांप ने हलचल की सबीना ने चिमटे की सहायता से सांप का मुंह पकड़ लिया और डिब्बे में बंद कर दिया।