गांव रिवास स्थित पुल के पास पानी निकासी न होने के कारण दूषित पानी दुकानों में भर रहा है। इसको लेकर दुकानदारों का गुस्सा सोमवार को सातवें आसमान पर रहा और समाजसेवी बलवान फौजी की अगुवाई में दुकानदारों ने एसडीएम योगेश सैनी को ज्ञापन सौंपा। बलवान फौजी ने बताया कि पुल के नीचे दूषित पानी निकासी के लिए दो नाले बनाए गए हैं, लेकिन दोनों ही अवरूद्ध हो चुके हैं और इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। आलम यह है कि पानी अब दुकानों के आगे एकत्र हो रहा है और अधिक पानी आने पर दुकानों में घुस रहा है। इससे दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है। साथ ही राहगीरों के लिए आवागमन का रास्ता बंद हो गया है और मुश्किल से रास्ता पार करना पड़ रहा है। दूषित पानी एकत्र होने से मच्छर जनित बीमारी होने फैलने का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने पहले भी अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को सभी दुकानदार बलवान फौजी के नेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। इसके बाद एसडीएम योगेश सैनी ने सीवर एसडीओ को जल्द सफाई कराने का निर्देश दिए और दुकानदारों को समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान मनोहरलाल, जीत सिंह, कर्णसिंह, वासुदेव, सोनू, जोगेंद्र, लालचंद, कालूराम, जयसिंह, भीमसिंह आदि मौजूद रहे।