नारनौल : राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत गांव पवेरा निवासी दारा सिंह का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वीरवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां राजस्थान पुलिस के जवानों ने उन्हें सलामी देकर भावभीनी अंतिम विदाई दी। परिजनों के अनुसार दारा सिंह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके भाई संदीप ग्रेवाल ने बताया कि बीमारी के चलते उन्होंने अंतिम सांस ली। दारा सिंह के निधन से परिवार और परिचितों में गहरा दुख है। दारा सिंह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, पुलिसकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।