नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से दो दिवसीय काम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान भूपेंद्र सारवान ने की, जिसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और फायर विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान राज्य कैशियर महेंद्र सिंह संगेलिया, सर्व कर्मचारी संघ के नेता महेंद्र सिंह बोयत, जिला प्रधान कौशल यादव, नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राहुल सारवान सहित कई पदाधिकारियों ने धरने को संबोधित किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता और फायर विभाग के शहीद साथियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि शहीद कर्मचारियों के आश्रितों को पक्की नौकरी दी जाए और प्रत्येक परिवार को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जैसे ही प्रदेश स्तर से आह्वान होगा, कर्मचारी व्यापक स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल में गुरदयाल सिंह, मनोज कुमार, रविकांत, प्रदीप कुमार, लीलाराम, महेंद्र गोयल, जसवंत, आशु, निरंजन, भीम सिंह, रोशन, राजेश, विनोद, कमल, मंजू देवी, सुनीता देवी व कांता देवी सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।