कुरुक्षेत्र। विभिन्न मांगों को लेकर एक माह से आंदोलन कर रहे निकाय सफाई कर्मचारियों में से प्रशासन की सख्ती के बाद बुधवार को 47 कर्मी डयूटी पर लौट आए जबकि करीब 135 कर्मचारी हड़ताल पर डटे रहे। दिन भर नारेबाजी के साथ धरना दिया तो वहीं अपनी मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने का भी ऐलान किया। इन कर्मचारियों ने न नगर प्रशासन के नोटिस स्वीकार किए न ही कोई जवाब दिया। ऐसे में तीन दिन का प्रशासन की ओर से नोटिस में दिया गया अल्टीमेटम बुधवार को खत्म हो गया तो आज वीरवार को प्रशासन सख्त कदम उठा सकता है। प्रशासन की ओर से डाक के जरिए भी नोटिस भेजे गए तो वहीं दरोगाओं के मार्फत भी संदेश दिया गया। यहीं नहीं धरनास्थल पर सार्वजनिक सामूहिक नोटिस भी चस्पा किया गया। प्रशासन का दावा है कि हड़ताल कर रहे 180 कर्मचारियों को तीन दिन का नोटिस दिया गया था। इनमें से आठ कर्मचारी ऐसे हैं जिन पर कईं संगीन आरोप लगे हैं तो मामला पुलिस तक भी पहुंचा है। इन कर्मचारियों को डिसमिस भी किया जा सकता है। उधर नगर प्रशासन ने पुलिस पहरे में चलाया सफाई अभियान कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सड़कों पर करीब एक माह बाद बुधवार को कईं जगहों पर झाडू लग पाया। नगर प्रशासन ने पुलिस के पहरे में जोन बनाकर सफाई अभियान चलाया। पिपली-थर्ड गेट रोड, रेलवे रोड व आसपास के एरिया में टीमें सुबह करीब आठ बजे ही सफाई के लिए उतार दी और दोपहर तक कार्य कराया गया। वहीं अनेक जगहों से कचरे के ढेर भी उठाए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई का असर भी दिखाई दिया तो लोगों को कचरे से कुछ राहत भी मिल पाई। अधिकारी झूठे दावे कर रहे, कल गए कर्मी भी धरने पर लौटे : सुनील नगर पालिका कर्मचारी संघ थानेसर इकाई प्रधान सुनील लोहाट की अगुवाई में बुधवार को हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने धरना जारी रखा तो जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान सुनील लोहाट ने कहा कि अधिकारी कर्मचारियों के ड्यूटी पर लौटने के झूठे दावे कर रहे हैं। मंगलवार को कुछ कर्मचारी ड्यूटी पर चले गए थे लेकिन बुधवार को वे फिर हड़ताल पर आ गए गए हैं। वहीं बुधवार को कोई भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटा। वहीं धरना दे रहे कर्मचारियों ने रविवार को हुई कर्मचारी रोहित की मौत के चलते उन्हें श्रद्वांजलि भी दी। 13 सितंबर की महापंचायत में बढ़ चढ़ कर लें भाग : शास्त्री नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की राज्य कमेटी की ओर से 13 सितंबर को होने वाली महांपचायत में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की गई है। प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री , महासचिव मांगे राम तिगरा, दमकल यूनियन प्रधान राजेंद्र सिंह ने सभी इकाइयों से पांच-पांच पदाधिकारी तथा प्रत्येक जिले से भी पांच-पांच पदाधिकारी पंचायत में अनिवार्य रूप से पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि 1,11,12 को इस महापंचायत के लिए लोगों के बीच जाएं और उन्हें राज्यस्तरीय महापंचायत का निमंत्रण दें।