वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिले में बच्चों को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष आर्ट ऑफ सैंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय स्कूल के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बाल कलाकारों द्वारा रेत के माध्यम से वीर बालों के जीवन, साहस और बलिदान को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे बच्चों को रचनात्मक सीख के साथ ऐतिहासिक प्रेरणा भी मिली। जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वीर बालों का जीवन आज की पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है। उनके त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम से बच्चों को जीवन में सच्चे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों की सोच को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें अपनी संस्कृति व इतिहास से जोड़ते हैं।