जींद। 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते को लागू नहीं करने और वादा खिलाफी के विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद जींद के कर्मचारियों की हड़ताल चार दिन के लिए और बढ़ा दी गई है। बुधवार को कर्मचारियों ने नगर परिषद के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता इकाई प्रधान बिजेंद्र कांगड़ा ने की, जबकि संचालन इकाई सचिव जितेंद्र कुमार ने किया। राज्य मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, राज्य उपप्रधान राजेश कुमार बागड़ी, राज्य कमेटी सदस्य बिशन सिंह, जिला प्रधान सोहनलाल और जिला सचिव बंटी बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार सफाई, सीवर, फायर और कार्यालय कर्मचारियों के साथ लगातार वादा खिलाफी और भेदभाव कर रही है। इसी कारण कर्मचारियों को बार-बार आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 13 मई को हरियाणा भवन चंडीगढ़ में विभागीय मंत्री विपुल गोयल और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके खुल्लर की मौजूदगी में सरकार और संघ की राज्य कमेटी के बीच करीब छह घंटे बैठक हुई थी। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के बाद 20 जून तक परिपत्र जारी करने का ठोस आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद मुख्य मांगों से संबंधित आदेश जारी नहीं किए गए। शिवचरण ने कहा कि 13 मई के समझौते में प्रदेश के करीब 13 हजार कच्चे सफाई, सीवर और फायर कर्मचारियों को पक्का करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आंदोलन के दबाव में पे-रोल कर्मचारियों को पक्का करने का पत्र जारी किया गया था, लेकिन अब तक सफाई, सीवर और फायर के कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। 15 अगस्त को कर्मचारी सरकार की दलित, सफाई और सीवरमैन कर्मचारी विरोधी नीतियों पर मंथन करेंगे।