क्षेत्र के बूढ़ा खेड़ा लाठर गांव में मजदूरों और मिस्त्रियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मिस्त्री सत्यवान ने की। बैठक में बढ़ती महंगाई को देखते हुए मजदूरों और मिस्त्रियों की दिहाड़ी को लेकर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। बैठक में तय किया गया कि अब मजदूर की दिहाड़ी 1000 रुपये और मिस्त्री की दिहाड़ी 1500 रुपये होगी। मिस्त्री सत्यवान ने कहा कि पिछले कुछ समय से महंगाई लगातार बढ़ रही है। मजदूर और मिस्त्री मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में उनकी मेहनत के अनुरूप उचित दिहाड़ी मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी की सहमति से दिहाड़ी निर्धारित की गई है, ताकि किसी मजदूर या मिस्त्री को उसकी मेहनत का उचित मेहनताना मिल सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई मजदूर निर्धारित 1000 रुपये से कम दिहाड़ी पर काम करने जाता है तो उस पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसी प्रकार निर्धारित 1500 रुपये से कम दिहाड़ी पर काम करने वाले मिस्त्री पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया है।