जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर रविवार सुबह 10 बजे हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-2 शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा तथा सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जिले में इस परीक्षा के लिए 6813 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान, दस्तावेजों और सुरक्षा संबंधी जांच की गई। संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कुछ अभ्यर्थी 10 से 15 मिनट की देरी से पहुंचे। मजबूरी को देखते हुए एसडीएम सत्यवान मान व कॉलेज प्राचार्य सत्यवान मलिक दोनों गेट पर खड़े हुए स्वयं उनकी जांच करवाई और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिलाया। एसडीएम ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रही। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न होने की शुरुआत हुई।