नरवाना। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने नरवाना पहुंचकर प्रेसवार्ता की। उन्होंने हरियाणा सरकार से जींद जिले में महाराजा अग्रसेन के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने और उनकी जीवनी को सीबीएसई के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। बजरंग गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचारों से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्र और समाज के विकास में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने अग्रोहा के ऐतिहासिक टीले की खुदाई का काम धीमी गति से चलने और बार-बार रुकने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अग्रोहा का टीला प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण प्रतीक है। खुदाई का कार्य लगातार और योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए, ताकि ऐतिहासिक अवशेषों को खोजकर सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि अग्रोहा धाम में 30 करोड़ रुपये की लागत से महाराजा अग्रसेन के नाम पर दो भव्य म्यूजियम तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि खुदाई में मिलने वाले ऐतिहासिक अवशेषों को इन म्यूजियम में प्रदर्शित किया जाए। बजरंग गर्ग ने बताया कि अग्रोहा धाम में 25 अक्टूबर को 43वां वार्षिक मेला आयोजित होगा। वहीं, 24 और 25 अक्टूबर को ट्रेड फेयर भी लगाया जाएगा, जिसमें देशभर से लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान वैश्य समाज के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।