सीआरएसयू में सोमवार को ‘रंगीला फाग महोत्सव’ का आयोजन बड़े उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव में विद्यार्थियों ने एक साथ फाग खेलकर भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। परिसर हरियाणवी रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर डॉ. रामपाल सैनी हरियाणवी वेशभूषा में पगड़ी बांधकर मंच पर पहुंचे। उनकी पारंपरिक पोशाक ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि फाग केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। महोत्सव में आमंत्रित हरियाणवी कलाकारों ने लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक फाग नृत्य किया। ढोलक और नगाड़ों की थाप पर पूरा परिसर झूम उठा। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी साझा की और पारंपरिक खेलों में भी भाग लिया।