फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झज्जर: हरियाणवी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव

झज्जर। जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। इसमें डीसी वर्षा खांगवाल ने शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। जिला शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में जिला के पांचों ब्लॉक से पहुंची सांस्कृतिक टीम ने विभिन्न विधाओं में भाग लेते हुए अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महोत्सव में सोलो डांस, ग्रुप डांस, रागनी और स्किट सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। मंगलवार को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल को हरियाणवी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सांस्कृतिक महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। हरियाणवी लोक कला, लोकनृत्य, रागनी और हमारी परंपराएं हमारी पहचान हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। जिला शिक्षा अधिकारी रतींद्र सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को पहचानना, उसे निखारना तथा लोक कला एवं संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक ने कहा कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिल रहा है। लोकनृत्य और रागनी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, हरियाणवी गायन और पारंपरिक लोकधुनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। रागनी की पारंपरिक गायन शैली और लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं विद्यार्थियों ने स्किट के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए महत्वपूर्ण संदेश भी दिए। पांचों ब्लॉक से पहुंची सांस्कृतिक टीमों के बीच विभिन्न विधाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें