झज्जर। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादरी तोए में वार्षिक उत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र ने की। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी रतींद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान माछरौली के प्राचार्य अनिल श्योराण ने शिरकत की। प्राचार्य डॉ. राजेंद्र ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय और विद्यार्थियों के वर्ष भर हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। समारोह के दौरान विद्यालय, खंड, जिला एवं राज्य स्तर पर शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के अलावा स्काउट-गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वहीं ‘गीता जयंती महोत्सव’, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, ‘युवा संसद’ एवं ‘कुशल व्यवसाय चुनौती’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना सफलता का आधार है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और परिवार दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक अनिल कुमार, रूपेंद्र नांदल, देवेंद्र, सुनीता कुमारी, राजकुमार, मनोज मलिक, सुनील कुमार, हरपाल, मनीषा, शकुंतला, रेखा, पूनम मौजूद रहे।