बेरी शहर में स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। नगर पालिका द्वारा समय-समय पर सफाई अभियान चलाए जाते हैं और पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जाता है। लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आती है। एक ओर जहां नगर पालिका कार्यालय परिसर के शौचालय चमकते हुए दिखाई देते हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनता के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बेरी के शिव चौक व पुरानी तहसील वाली गली में बनाए शौचालयों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। सफाई न होने के कारण बदबू से वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। दीवारों पर गंदगी के निशान, और जाम नालियां व्यवस्था की पोल खोलती हैं। बेरी निवासी टिंकू सचदेवा का कहना है कि बेरी के शिव चौक में बने शौचालय में कई माह से गंदगी जमी हुई है। शौचालय में जाने की बात दूर यहां से निकलने वाले लोगों को मुंह पर कपड़ा लगाकर निकलना पड़ता हैं। शौचलयों में सफाई व्यवस्था को लेकर पालिका अधिकारियों का कोई ध्यान नही हैं। जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं।