तुड़े से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरटीए की तरफ से लगातार चालान किए जा रहे हैं। पिछले 6 दिन में ही ओवरलोड 68 वाहनों के चालान किए गए, जिसमें 32 ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली शामिल हैं। इन पर 6 दिन में 28.57 लाख रुपये का जुर्माना किया गया। अब भी कई ओवरलोड वाहन सरकारी पार्किंग में खडे़ किए गए हैं। इस मामले में मंगलवार को ओवरलोड वाहनों के मालिक एसडीएम कम आरटीए और उपायुक्त से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे। टिटौली निवासी अशोक, महम निवासी जगवीर, जसवंत, तोशाम निवासी सुरेंद्र, महम निवासी बसंत, वीरेद्र, कुलदीप ने बताया कि वह हिसार, जींद के अलावा आसपास जिलों व पंजाब से तूड़ा लेकर फरीदाबाद, गुरुग्राम की गौशालाओं व अन्य स्थानों पर लेकर जाते हैं। हाल ही में आसपास के जिलों से यह तूड़ा लेकर फरीदाबाद व गुरुग्राम जा रहे थे, लेकिन झज्जर में उनके चालान कर दिए गए। उन्होंने बताया कि किसी को 41 हजार तो किसी का 51 हजार का चालान किया गया है। एक वाहन का 81 हजार रुपये का चालान किया गया है। यह चालान शनिवार को हुए थे। वह दो दिन से ब्याज पर पैसे लेकर चालान भरने को तैयार हैं, लेकिन चालान नहीं भरे जा रहे।