बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट करने वाले रेडियोग्राफर संदीप मलिक को स्वास्थ्य विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। शुक्रवार को विभाग की ओर से उनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए। गौरतलब है कि वीरवार को ड्यूटी के दौरान रेडियोग्राफर संदीप मलिक ने कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट कर दी थी। घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। डॉक्टरों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब विभाग की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है।