हांसी। बार एसोसिएशन हांसी के वर्ष 2026-27 के चुनाव में अधिवक्ता सुदेश यादव ने 85 वोटों के अंतर से प्रधान पद पर जीत दर्ज की। प्रधान पद के लिए चार अधिवक्ताओं के बीच मुकाबला हुआ। सुदेश यादव को 286 वोट मिले, जबकि चंद्रभान यादव को 201, कमल सिंह सिंघमार को 61 और ललित कुमार को 44 वोट प्राप्त हुए। चुनाव प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को बार रूम में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करवाया गया। मतदान के बाद हुई मतगणना में सुदेश यादव को विजेता घोषित किया गया। खास बात यह रही कि प्रधान पद के चारों उम्मीदवारों में से कोई भी इससे पहले बार एसोसिएशन हांसी का प्रधान नहीं रहा है। ऐसे में इस बार बार एसोसिएशन को नया प्रधान मिला है। नवनिर्वाचित प्रधान सुदेश यादव जमावड़ी गांव के पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं। सचिव पद पर जितेंद्र सिहाग विजयी रहे। सचिव पद के लिए आशुतोष अरोड़ा, जितेंद्र सिहाग और मोहित ढिल्लों के बीच मुकाबला हुआ। वहीं उपप्रधान पद पर अजय सचदेवा ने जीत हासिल की। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाने के लिए पूर्व प्रधान रोहित कल्सन को रिटर्निंग ऑफिसर, जबकि मनजीत आर्या और स्वाती डांगी को असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया था। बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजेता उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।