फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी में धूमधाम से मनेगी कृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में सजीं भव्य झांकियां

सुधीर शर्मा Updated Thu, 03 Sep 2026 07:26 PM IST

हांसी। शहर के प्रसिद्ध श्री कालीदेवी मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार बेहद भव्य और आकर्षक अंदाज में मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और आकर्षक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न मंदिरों में भी अपने-अपने अंदाज में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। श्री कालीदेवी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष झांकियां तैयार की गई हैं। इनमें श्रीकृष्ण-सुदामा, कृष्ण-यशोदा, राधा-कृष्ण और श्रीकृष्ण जन्म सहित 15 से अधिक मनमोहक झांकियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इन झांकियों में तैयार की गई मूर्तियां किसी धातु या अन्य सामग्री की नहीं, बल्कि बंगाल से आए मूर्तिकारों द्वारा मिट्टी से तैयार की गई हैं। मंदिर के पुजारी ब्रजभूषण भारद्वाज ने बताया कि जन्माष्टमी की तैयारियों के लिए कलकत्ता से करीब 20 कलाकारों को बुलाया गया था। ये कलाकार पिछले करीब 25 दिनों से मंदिर परिसर में झांकियां तैयार करने में जुटे हुए थे। झांकियों को जीवंत रूप देने के लिए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी घटनाओं का वास्तविक और आकर्षक स्वरूप दिखाई दे। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन होगा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। जन्माष्टमी के मौके पर हांसी शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। मोहित पुजारी ने बताया कि मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की भीड़ और व्यवस्था को संभालने के लिए 30 से अधिक वालंटियर लगाए हैं। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की भी सहायता ली जाएगी। आयुष जैन, सालासर बालाजी धाम मंदिर कमेटी सदस्य ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जन्माष्टमी के दिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके चलते मंदिर कमेटी की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें