हांसी। हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन एवं संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की सिंचाई विभाग शाखा हांसी की बैठक आयोजित की गई। इसमें कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताते हुए 24 अक्टूबर 2026 से कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के हिसार स्थित कैंप कार्यालय पर अनिश्चितकालीन पड़ाव डालने का ऐलान किया। यूनियन ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर हजारों कर्मचारियों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन नेता सुरेंद्र यादव, संदीप पूनिया और अशोक यादव ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 18 जुलाई को मंत्री रणबीर गंगवा के कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद 28 जुलाई को चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में राज्य कमेटी की मंत्री के साथ वार्ता हुई थी। नेताओं के अनुसार, वार्ता में सहमति बनने के बावजूद बैठक का कार्यवृत्त सहमति के अनुरूप जारी नहीं किया गया। इससे प्रदेशभर के कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि राज्य कमेटी ने 25 अगस्त को इस संबंध में लिखित विरोध भी दर्ज करवाया था, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यूनियन नेताओं ने कहा कि टर्म अप्वाइंटमेंट और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों सहित विभिन्न श्रेणियों के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना प्रमुख मांग है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग में यांत्रिकी, बागवानी और प्रयोगशाला विंग को समाप्त करने के फैसले का विरोध तथा मेट और रोड मेट के पदों में कटौती का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेट और रोड मेट के तृतीय श्रेणी के 14,237 पदों को घटाकर 6,257 करने तथा युक्तिकरण की प्रक्रिया से कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के जलघरों को पंचायतों के हवाले नहीं करने सहित अन्य मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि मांगों की अनदेखी के चलते अब आंदोलन तेज किया जाएगा। 24 अक्टूबर को मंत्री रणबीर गंगवा के हिसार स्थित कैंप कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन कर अनिश्चितकालीन पड़ाव शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित पक्ष को नोटिस भी दिया जा चुका है। कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की और आंदोलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक कर्मचारियों से भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।