जिन पुलिस कर्मचारियों के कंधों पर दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है वे खुद असुरक्षित माहौल में काम करने को मजबूर हैं। हिसार रेलवे जीआरपी थाने का भवन जर्जर हो चुका है और कर्मचारी इसकी कमजोर छत के नीचे ड्यूटी कर रहें हैं। थाना भवन और परिसर में बने 14 स्टाफ क्वार्टर खस्ताहाल स्थिति में हैं जो बारिश के दौरान कभी भी ढह सकते हैं। थाने में तैनात 24 पुलिसकर्मियों पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। हालत यह है कि पुलिस कर्मचारी क्वार्टरों के अंदर जाने से भी डरते हैं। बारिश के दिनों में छत गिरने की आशंका बनी रहती है। नया थाना भवन व क्वार्टर बनाए जाने को लेकर सालों से रेलवे विभाग व जीआरपी के बीच उलझन बनीहै। तीन माह पहले थाने व क्वार्टरों के निर्माण को लेकर खाका तैयार कर अंबाला जीआरपी पुलिस अधीक्षक को भेजा था लेकिन अभी कागजों में ही सिमटा है।