गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शुरू की गई कैंपस बस और ई-रिक्शा सेवा लंबे समय से बंद पड़ी है जिससे हजारों विद्यार्थियों को रोजाना पैदल चलकर अपने शिक्षण खंड में पहुंचा पड़ रहा है। वर्ष 2024 में शुरू की गई निःशुल्क बस सेवा अब ठप हो चुकी है, जबकि पहले उपलब्ध कराए गए ई-रिक्शा रखरखाव के अभाव में चलने लायक नहीं बचे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था न होने से विद्यार्थियों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। कैंपस में बस स्टैंड से टीचिंग ब्लॉक, हॉस्टलों और विभिन्न विभागों तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से केवल एक ही बस उपलब्ध कराई गई थी, जो अब बंद हो चुकी है। इससे दूर-दराज के हॉस्टलों और अकादमिक ब्लॉकों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। करीब चार वर्ष पहले तत्कालीन सांसद दुष्यंत चौटाला की ओर से उपलब्ध कराए गए ई-रिक्शा भी समय पर मरम्मत और बैटरी बदलने के अभाव में पूरी तरह खराब हो चुके हैं। वर्तमान में कैंपस के भीतर किसी भी प्रकार की परिवहन सुविधा मौजूद नहीं है। छात्रों का कहना है कि पैदल सफर से समय की बर्बादी हो रही है और कई बार कक्षाएं भी छूट जाती हैं। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि कैंपस परिवहन व्यवस्था को तत्काल बहाल किया जाए, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यूनिवर्सिटी में न तो कोई बस की सुविधा है न ही ऑटो की। हमने यूनिवर्सिटी का पक्ष लेते हुए पत्र लिखा था कि आउटसाइडर की गाड़ियों की एंट्री बंद की जाए। और मांग भी रखी थी कि विद्यार्थियों के लिए साधन की व्यवस्था की जाए। हमने इस बारे में विवि प्रशासन से बात की है और उन्होंने एक सप्ताह का समय मांगा है। यदि एक हफ्ते में बस की सुविधा नहीं होती तो छात्र आंदोलन करेंगे।- अज्जू घनघस, इनसो जिलाध्यक्ष, हिसार। विवि में सभी टीचिंग ब्लॉक दूर हैं और बस व ई-रिक्शा व्यवस्था भी बंद कर दी गई है जिससे विद्यार्थियों को आने-जाने में समस्या हो रही है। विद्यार्थी क्लास में लेट पहुंच रहे हैं जिससे पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। -बागी राणा, एनएसयूआई। विवि की ओर से शुरू की गई बस व्यवस्था कुछ ही दिन चली और बंद कर दी गई जिसका कोई कारण भी नहीं पता। विद्यार्थियों को आने-जाने में ही इतना समय लग जाता है कि वे क्लास में पहुंचने के लिए लेट हो जाते है।-हितेश, छात्र यूनिवर्सिटी में हजारों की संख्या में विद्यार्थी हैं जिनके लिए केवल एक ही बस चलाई जा रही थी और अब वो भी बंद कर दी गई है। विद्यार्थियों को अलग-अलग डिपार्टमेंट तक आने-जाने में भी समस्या हो रही है। बसों को नियमित रूप से शुरु किया जाए ताकि किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।- नितेश जांगू, इनसो प्रधान लंबे समय से बस व्यवस्था बंद पड़ी है। एक बस है जो यूथ फेस्टिवल के लिए गई है और कोई अन्य साधन की व्यवस्था भी नहीं है। प्रशासन से बात की है और उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में बस और ई-रिक्शा शुरू कर दी जाएगी ताकि विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो।- कमलदीप अत्री, प्रधान एबीवीपी, जीजेयू विद्यार्थियों के लिए सुबह-शाम बस व ई-रिक्शा चलाए जाते हैं। फिलहाल बस यूथ फेस्टिवल में भेजी गई है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जल्द ही दो नई बसें खरीदी जाएंगी। कैंपस में विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। - प्रो. नरसी राम बिश्नोई, कुलपति, जीजेयू