विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एमएम कॉलेज में जिला नागरिक अस्पताल के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘मन जागृति’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन कालेज की एनएसएस यूनिट द्वारा डॉ. विकेश सेठी व प्रो. प्रतिभा मखीजा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कालेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने की, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप सिविल सर्जन एवं मनोचिकित्सक डॉ. गिरिश कुमार एवं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. गविन्द्र कौर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। मुख्य वक्ता उप सिविल सर्जन डॉ. गिरिश कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और मानसिक स्वास्थ्य के संबंध के प्रति जागरूक करते हुए कहा, नशा न केवल व्यक्ति के शरीर को खोखला करता है, बल्कि उसके मानसिक संतुलन, परिवार और भविष्य को भी पूरी तरह तबाह कर देता है। युवा शक्ति को भ्रमित होने से बचाना और उन्हें नशे के जाल से निकालना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। मानसिक रूप से मजबूत व्यक्ति कभी नशे का सहारा नहीं लेता, इसलिए किसी भी प्रकार के तनाव में नशे से दूर रहकर सही मार्गदर्शन लें। वहीं डॉ. गविन्द्र कौर ने भी मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय सांझा किए। प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, आज के प्रतिस्पर्धी दौर में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। तनाव, चिंता और नकारात्मक सोच से बचकर ही युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगा सकते हैं। एक संतुलित मन ही जीवन में सफलता और समाज निर्माण का आधार है।