टोहाना। सरकारी धान खरीद सीजन को लेकर टोहाना अनाज मंडी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडी में किसानों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सचिव ने बताया कि मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में पानी, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारू कर दी गई है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से खरीद एजेंसियों का अलॉटमेंट भी कर दिया गया है। टोहाना मंडी में दो एजेंसियां हैफेड और हरियाणा स्टेट वेयरहाउस को जिम्मेदारी दी गई है। सप्ताह के दिन नंबर 1, 3, 5 पर हैफेड और 2, 4, 6 पर वेयरहाउस खरीद करेगी। मंडी में पड़े पुराने गेहूं के स्टॉक को लेकर उन्होंने बताया कि लिफ्टिंग का कार्य जारी है। एक स्पेशल एजेंसी आज से लगी है और दूसरी एजेंसी परसों तक माल उठा लेगी। दो दिन में मंडी खाली होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।