टोहाना। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार को फतेहाबाद जिले में महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर यूनिवर्सिटी बनानी चाहिए। वे टोहाना में वैश्य समाज प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अग्रोहा टीले की खुदाई धीमी गति से चलने पर चिंता जताई। कहा कि खुदाई कार्य बार-बार रुकने से देश के वैश्य समाज में भारी रोष है। बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा का ऐतिहासिक टीला प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। खुदाई लंबे समय बंद रहने पर स्थल पर मिट्टी, झाड़ियां उग जाती हैं, जिससे सफाई में समय बर्बाद होता है। यदि काम निरंतर चले तो समय व संसाधन बचेंगे और महत्वपूर्ण जानकारियां जल्द सामने आएंगी। सरकार ठोस व्यवस्था कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करे। उन्होंने बताया कि अग्रोहा धाम में 30 करोड़ की लागत से महाराजा अग्रसेन के नाम पर दो भव्य म्यूजियम बन रहे हैं। मांग है कि टीले की खुदाई से मिले प्राचीन अवशेषों को यहीं प्रदर्शित किया जाए, ताकि श्रद्धालु इतिहास को नजदीक से जान सकें। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में 43वां विशाल वार्षिक मेला होगा, जिसमें देशभर से लाखों लोग आएंगे। 24-25 अक्टूबर को ट्रेड फेयर भी लगेगा। इस मौके पर रमेश गोयल, चूड़िया राम गोयल, ओमकार गर्ग सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।