रतिया। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को उपमंडल के गांव ढाणी जाखन दादी स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में नवनिर्मित कमरे का उद्घाटन किया तथा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डीसी ने मिड-डे मील व्यवस्था, कक्षाओं व बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें अनुशासन के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए डीसी ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। छात्र अनुशासन, लगन और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर मेहनत करें ताकि अपने विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दें और शिक्षा के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों व सामाजिक दायित्वों के संस्कार भी विकसित करें। निरीक्षण के दौरान मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता को भी परखा गया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार बलवान सिंह, बीईओ शशि प्रकाश, उपनिदेशक एवं डीआईपीआरओ अमित पंवार, डीपीसी बलवान सिंह, प्रिंसिपल तरुण गर्ग, मुख्याध्यापक संदीप संधा, एबीआरसी कुलदीप सिंह, सरपंच सतपाल सिंह और पंचायत सदस्य जगसीर सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।