शहर के हंस कॉलोनी के लोग पानी की निकासी न होने के चलते नगर परिषद कार्यालय में पहुंचे और नगर परिषद कार्यालय पर गेट बंद करके धरने पर बैठ गए। लोगों का कहना था कि पिछले 3 वर्ष से उनकी कॉलोनी में बरसाती पानी और घरो के पानी की निकासी नहीं हो रही है। जिसके चलते उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के चलते पूरे मोहल्ले में मच्छरों का आतंक है। जिसके चलते लोग लगातार बीमार हो रहे हैं। वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। जिसके बाद आज उन्होंने नगर परिषद के कार्यालय के गेट को बंद करने का निर्णय लिया है। कॉलोनी वासियों ने बताया कि अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे और जब तक इस समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक वह नगर परिषद के गेट को नहीं खोलेंगे। वहीं अधिकारियों का कहना था कि उनके द्वारा पानी निकासी के लिए मोटर लगाई गई है। लेकिन स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है। इसके लिए कॉलोनी में खाली जगह की आवश्यकता पड़ेगी। इसको लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक कॉलोनी वासियों और अधिकारियों के बीच मीटिंग जारी थी।