राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा रविवार को जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा में जिलेभर से कुल 2630 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था, जिनमें से 2334 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 296 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के प्रबंध किए गए थे। जिले में परीक्षा के लिए आरके कॉलोनी स्थित आर्यभट्ट हाई स्कूल, बाल भारती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, श्री राम सेवा समिति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीनियर मॉडल स्कूल मॉडल टाउन के दो केंद्र, ओम निवास हाई स्कूल, राजकीय हाई स्कूल भोडिया खेड़ा और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को नकल रहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा प्रबंध किए गए। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और केंद्रों पर बनाए गए प्रबंधों का जायजा लिया गया। एनएमएमएस परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके तहत कुल 48 हजार रुपये की सहायता मिलती है। परीक्षा में सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थी का सातवीं कक्षा में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होना जरूरी है, जबकि आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत की छूट दी गई है। पात्र विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। परीक्षा में मानसिक योग्यता परीक्षण (एमएटी) और शैक्षिक योग्यता परीक्षण (एसएटी) के दो भाग शामिल होते हैं। दोनों भागों में 90-90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। जिला गणित विशेषज्ञ रमेश कुमार ने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बेहतर योजना है। चयनित विद्यार्थियों को 4 साल तक छात्रवृत्ति मिलेगी।