हरियाणा रोडवेज विभाग ने टोहाना सब डिपो में 18,500 हैप्पी कार्ड भेजे हैं। अब तक ढाई हजार से अधिक कार्ड बांटे जा चुके हैं। लाभार्थियों को फोन कर कार्ड लेने के लिए बुलाया जा रहा है। अड्डा इंचार्ज सुरेश दहिया के नेतृत्व में विशेष विंग बनाई गई है। कर्मचारी लगातार कार्ड वितरण में जुटे हैं। नए बस स्टैंड पर हैप्पी कार्ड के लिए अलग कमरा बनाया गया है, जहां चार-पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बस अड्डा कर्मी मंदीप ने बताया कि योजना को लेकर लोगों में अच्छा रुझान है। 15-16 दिनों में ही 2,000 से ज्यादा कार्ड बांटे गए। मैसेज मिलते ही लोग कार्ड लेने पहुंच रहे हैं। कार्ड को एक्टिवेट कर 50 रुपये सरकारी शुल्क लेकर दिया जा रहा है। कर्मचारी दर्शन के अनुसार, 18,500 में से 2,000 कार्ड बंट चुके हैं, जबकि 1,500 पहले से तैयार हैं। कई लाभार्थियों को कई बार फोन किया जा चुका है। कार्ड लेने आई कुलविंदर कौर ने कहा कि सरकार की यह स्कीम बहुत बढ़िया है। किराया माफ है। लोग अपनी आय के हिसाब से हैप्पी कार्ड बनवा रहे हैं। कार्ड लेने में कोई दिक्कत नहीं हो रही। सरकार की योजना के तहत हैप्पी कार्ड धारक को हर साल 1,000 किलोमीटर मुफ्त बस सफर की सुविधा मिलती है। कार्ड की वैधता एक साल है। एक साल बाद या 1,000 किमी पूरे होने पर यह स्वतः रिन्यू हो जाता है। टोहाना के नए बस स्टैंड पर कार्ड आसानी से मिल रहे हैं।