स्थानीय नई अनाज मंडी में सोमवार को गेंहू खरीद के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब ई-खरीद पोर्टल में तकनीकी खराबी आने के कारण किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन बंद हो गया। अंगूठे के निशान मैच न होने से घंटों तक ट्रॉलिया मंडी के गेट पर ही फंसी रहीं, जिससे गुस्साए किसानों ने मंडी के मुख्य गेट के सामने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि भीषण गर्मी में वे घंटों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन पोर्टल की खामियों की सजा उन्हें मिल रही है। हंगामे को देखते हुए मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बिना बायोमीट्रिक ही ट्रॉलियों को मंडी के अंदर एंट्री देने का निर्णय लिया। इसके बाद ही किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया और गेंहू की आवक शुरू हो सकी। फिलहाल मैन्युअल रिकॉर्ड के आधार पर गेट पास काटे जा रहे हैं।