फतेहाबाद। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, खारा खेड़ी में आयोजित तीन दिवसीय 34वीं एनवीएस राष्ट्रीय आर्चरी (तीरंदाजी) प्रतियोगिता का वीरवार को भव्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। समारोह में इंडियन आर्चरी एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन अभिमन्यु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाडिय़ों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में देशभर के नवोदय विद्यालय समिति के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 351 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 184 छात्र और 167 छात्राएं शामिल रहीं। प्रतियोगिता में चंडीगढ़ क्षेत्र से 24, अहमदाबाद से 25, भोपाल से 23, भुवनेश्वर से 31, पटना से 44, लखनऊ से 60, हैदराबाद से 40, पुणे से 41, शिलांग से 24 तथा जयपुर क्षेत्र से 39 विद्यार्थी शामिल हुए। खिलाडिय़ों ने कंपाउंड, इंडियन और रिकर्व आर्चरी की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कंपाउंड आर्चरी में 40 व 50 मीटर, इंडियन आर्चरी में 20 व 30 मीटर तथा रिकर्व आर्चरी में 40, 60 व 70 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित की गई। नवोदय विद्यालय समिति, जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के उपायुक्त डीके झा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। विद्यालय के प्राचार्य अनूप सिंह, उपप्राचार्य अखिलेश कुमार अग्रवाल तथा रोहतक, जाफरपुर कलां, श्रीगंगानगर, भिवानी, करनाल और जैसलमेर से पधारे प्राचार्यों व उपप्राचार्यों ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया। पीएम श्री स्कूल जेएनवी सूरतगढ़ की बैंड पार्टी ने मुख्य द्वार से ग्रीन पार्क तक मुख्य अतिथि को एस्कॉर्ट किया। एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन का खेल है तीरंदाजी खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि तीरंदाजी केवल निशाना साधने का खेल नहीं है, बल्कि यह एकाग्रता, अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प सिखाती है। जिस तरह तीरंदाज तीर चलाने से पहले पूरी एकाग्रता के साथ लक्ष्य पर नजर रखता है, उसी तरह विद्यार्थियों को भी अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए।