शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान एक बार फिर विवादों में घिर गया है। मंगलवार को नगर परिषद की टीम ने दिन में अभियान चलाकर कुछ हद तक सफलता हासिल की, लेकिन शाम को केवल तीन दुकानों पर जेसीबी लेकर पहुंचने से दुकानदारों का भारी विरोध झेलना पड़ा, जिसके बाद अधिकारियों को खाली हाथ लौटना पड़ा। इस घटना ने प्रशासन के अतिक्रमण विरोधी प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से फतेहाबाद शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान धीमा पड़ गया था, जिसके कारण मुख्य मार्गों पर फिर से अतिक्रमण बढ़ गया था। इसी स्थिति को देखते हुए मंगलवार सुबह नगरपरिषद की सफाई ब्रांच की टीम हंस मार्केट पहुंची, जो शहर की मुख्य और सबसे भीड़भाड़ वाली मार्केट है। यहां शाम के समय पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।