फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में वेतन और मेंटेनेंस का सामान न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को भट्टू रोड स्थित विभागीय कार्यालय के बाहर धरना दिया। कर्मचारियों ने सुबह 10:30 से 11 बजे तक कार्यालय का मुख्य गेट बंद रखा। इस दौरान डीसी की बैठक में जा रहे कार्यकारी अभियंता बलविंद्र सिंह और एसडीओ सतपाल रोज के वाहन भी रोक दिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट खुलवाया। अधिकारियों और यूनियन पदाधिकारियों के बीच बातचीत के बाद दोपहर एक बजे धरना समाप्त हो गया। ऑल हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के यूनिट प्रधान धर्मपाल दरियापुर के नेतृत्व में सुबह 9 बजे कार्यालय में एकत्रित हुए। कर्मचारियों का आरोप था कि एचकेआरएनएल के तहत लगे कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है। वाटर वर्क्स और ट्यूबवेल पर मरम्मत के लिए पर्याप्त सामान नहीं दिया जा रहा। कर्मचारियों को अपने पैसे से छोटी-मोटी मरम्मत करवाकर जलापूर्ति जारी रखनी पड़ रही है। डांगरी और रेनकोट के बिलों का भुगतान भी दो महीने से लंबित है। कार्यकारी अभियंता बलविंद्र सिंह ने बताया कि एचकेआरएनएल मुख्यालय से पोर्टल में बदलाव और ईपीएफ कटौती के चलते वेतन दोबारा तैयार करने के निर्देश मिले थे। वेतन दोबारा बनाकर भेज दिया गया है और एक-दो दिन में भुगतान होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मरम्मत का सामान लगातार दिया जा रहा है और उपलब्ध नहीं होने वाली सामग्री मंगवाई जा रही है।