रतिया। गांव चंदो कलां के किसान दरबारा सिंह की दो एकड़ फसल में गलत बीज के कारण नुकसान होने का मामला तूल पकड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहां) ने बीज विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई और किसान को मुआवजा देने की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि मंगलवार तक समाधान नहीं हुआ तो दुकान के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। जिला प्रधान निर्भय रतिया ने बताया कि किसान की शिकायत पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने खेत का निरीक्षण किया था। यूनियन के अनुसार, जांच में फसल को 30 प्रतिशत नुकसान होने की पुष्टि हुई है। किसान का आरोप है कि नुकसान की भरपाई मांगने पर दुकानदार ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और धमकी दी। मामले को लेकर यूनियन के सदस्यों ने दुकान पर पहुंचकर किसान को मुआवजा दिलाने की मांग की। किसान नेताओं ने बताया कि दुकानदार ने मंगलवार तक मुआवजा देने की बात कही है। तय समय तक भुगतान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। यूनियन ने विभाग से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान शहरी इकाई प्रधान कर्मजीत सिंह, कर्म सिंह, गगन भुल्लर, सत्ता सिंह चंदो कलां सहित अन्य किसान मौजूद रहे। फोटो :