हरियाणा सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और आमजन को सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रतिया के सामुदायिक केंद्र में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन डॉ. रविन्द्र सिंह बलियाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। शिविर में 120 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला, जबकि 5 महिलाओं की मौके पर ही पेंशन बनाई गई। डॉ.रविन्द्र सिंह बलियाला ने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध करवाए जा रहे लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जरूरी है कि पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए और आवेदन प्रक्रिया में आने वाली परेशानियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।