फतेहाबाद। शहर के हिसार रोड स्थित भूना मोड़ पर रविवार रात को हुए सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान जगजीवनपुरा निवासी यशपाल के रूप में हुई है। यशपाल के तीन लड़कियां हैं। हादसे की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार यशपाल मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुराना बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान शिव चौक निवासी सागर स्कूटी पर वहां से गुजर रहा था। भूना मोड़ के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में यशपाल को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सागर भी घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी संजय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।