गांव सौंफ-कासनी स्थित खेल स्टेडियम में ईंट भट्टे पर काम करने वाले एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। मृतक की पहचान यूपी के प्रतापपुर निवासी करम कुमार (20)के रूप में हुई है। मृतक के पिता रमेश कुमार के बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है। पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता रमेश ने बताया कि वे 8 साल से सौंफ कासनी में रहते हैं और भट्ठे पर काम कर रहे हैं। फरवरी माह में करम कुमार अपने गांव से भट्ठे पर काम करने के लिए आए थे। तब से वह उन्हीं के पास रहता था और काम करता था। बुधवार शाम को उन्होंने साथ ही खाना खाया और बाद में सो गए थे। रात न जाने कब करम कुमार ने उठकर आत्मघाती कदम उठाया लिया और परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। भट्ठे के पास ही खेल स्टेडियम है और इसमें खेलने व व्यायाम के लिए टीन शेड बनाई हुई है। सुबह खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे तो उन्हें शेड के नीचे पाइप से एक युवक लटका मिला। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी और बाद पुलिस ने आसपास पूछताछ कर परिजनों को जानकारी दी। साथ ही एफएसएल टीम ने भी मौके का जायजा लेकर घटना संबंधी साक्ष्य जुटाए। शव लेकर पुलिस नागरिक अस्पताल पहुंची और दोपहर को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच अधिकारी एचसी मुनीश कुमार के नेतृत्व में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया। मृतक अपने पिता की तीन संतानों में मंझला था। उसके जाने से परिजन भी दुखी हैं और बिना कारण के ऐसा कदम उठाने पर सभी सदमे में हैं।