सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दादरी आरटीए सचिव मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आरटीए विभाग की ओर से सोमवार को एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। स्थानीय अग्रसेन धर्मशाला में आयोजित इस गोष्ठी में क्षेत्र के स्कूल संचालकों, प्राचार्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने शिरकत की। गोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों और वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर गहनता से विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए केवल कानून का डर काफी नहीं है, बल्कि इसके लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी आवश्यक है। सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से सबसे पहले हमें खुद जागरूक होकर यातायात नियमों की पूर्ण रूप से पालना करनी होगी। जब हम खुद बदलेंगे, तभी समाज में बदलाव आएगा। वक्ताओं ने कहा कि यदि घर का मुखिया और स्कूलों के शिक्षक यातायात नियमों का पालन करेंगे, तो आने वाली पीढ़ी और युवा वर्ग इसे संस्कार के रूप में अपनाएगा। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट का प्रयोग करना और गति सीमा का ध्यान रखना केवल चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि जीवन बचाने का साधन होना चाहिए।