पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से निरीक्षक जज सुखविंद्र कौर शनिवार को दादरी कोर्ट परिसर पहुंची। सेशन जज नरेश कुमार की अगुवाई में उन्होंने जिला की सभी कोर्ट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी से बातचीत की और अधिवक्ताओं की समस्याएं सुनीं। अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन की अगुवाई में उनसे कहा कि एक कोर्ट के जज का अधिवक्ताओं के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। बता दें कि सुबह 11 बजे जज सुखविंद्र कौर दादरी कोर्ट में पहुंची। यहां पर बार एसोसिएशन की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आधे घंटे तक सेशन जज नरेश कुमार और बार पदाधिकारियों ने एक-एक कर सभी कोर्ट का मुआयना करवाया। आधे घंटे के बाद जज सुखविंद्र कौर बार एसोसिएशन कार्यालय पहुंची। यहां पर उन्होंने अधिववक्ताओं से बाचीत कर समस्याएं सुनी। नवनियुक्त प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा ने कहा कि एक कोर्ट को छोड़कर सभी कोर्ट में अधिवक्ताओं को सम्मान सुरक्षित है। इसके लिए पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट जज से समय लेकर चंडीगढ़ जाएंगे और समस्या के समाधान के लिए अपील करेंगे। कहा कि एक कोर्ट के जज का अधिवक्ताओं के साथ व्यवहार अच्छा नहीं है। अगर इस कोर्ट का समाधान नहीं हुआ तो बार एसोसिएशन कड़ा कदम उठाएगी। जज सुखविंद्र कौर ने विचार-विमर्श करके जल्द समाधान का आश्वासन दिया और सभी अधिवक्ताओं से बार-बैंच के बीच मधुर संबंध बनाए रखने का आह्वान किया। अंत में एसोसिएशन की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता समय की मांग पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति सुखविंद्र कौर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में भी शिरकत की। कहा कि साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता समय की मांग है। देश में प्रतिदिन लाखों लोग ऐसे फ्रॉड का शिकार होते हैं। केवल जागरूकता से ही साइबर अपराधियों का शिकार होने से बचा जा सकता है। इसके बाद परिसर में पार्क उद्घाटन कर पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम के दौरान साइबर फ्रॉड को लेकर जागरूकता नाटक दिखाने वाले कलाकारों को उन्होंने सम्मानित किया। ये भी रहे मौजूद इस दौरान अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जसबीर सिंह कुंडू व डॉ. कविता कंबोज, एसीजेएम मीनाक्षी यादव, सीजेएम संजीव काजला, निधि सोलंकी, धर्मपाल, जेएमआईसी लक्ष्य गर्ग, रजत अरोड़ा और मयंक गुप्ता आदि मौ जूद रहे।