चरखी दादरी। शहर में सोमवार सुबह लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का समापन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ हुआ। ट्रांसपोर्ट चौक, राशिवासिया धर्मशाला और चंपापुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूर्वांचलवासियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ मैया की आराधना की और अपना व्रत पूर्ण किया। इस अवसर पर सुबह से ही कृत्रिम तालाबों के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजन सामग्री और फल से सजे सूप लेकर जलाशयों तक पहुंचीं। इसके बाद पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा संतान की दीर्घायु की कामना की। व्रती श्रद्धालुओं ने कृत्रिम तालाबों में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं और पुरुषों ने परिवार के सदस्यों के साथ पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया, चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोला। शहर में पूर्वांचल समाज के लोगों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।