चरखी दादरी की अनाज मंडी में सरकार की पहल पर श्रमिकों और ज़रूरतमंदों के लिए मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली सस्ती कैंटीन की शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन 50 से अधिक श्रमिकों ने इस योजना का लाभ उठाया और सरकार की इस पहल की जमकर सराहना की। इस कैंटीन की शुरुआत हरियाणा राज्य सरकार और इंडियन फूड सर्विसेज़ नामक कंपनी के सहयोग से की गई है। कैंटीन में हर दिन दोपहर के समय श्रमिकों को चावल, दाल, सब्जी और चार रोटी परोसी जाती हैं। साथ ही केवल 10 रुपये में एक गिलास ताज़ी लस्सी भी उपलब्ध कराई जा रही है। कैंटीन संचालन के लिए पांच महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है जो प्रतिदिन सुबह साढ़े सात बजे से मंडी पहुंचकर भोजन तैयार करने का कार्य शुरू कर देती हैं। यह योजना न केवल श्रमिकों को सस्ता और पौष्टिक भोजन दे रही है, बल्कि महिलाओं को भी रोजगार का साधन उपलब्ध करा रही है। भोजन कर रहे श्रमिकों से बातचीत में उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की तारीफ की। एक श्रमिक ने कहा कि हम जैसे गरीब मजदूरों के लिए यह एक बहुत अच्छी पहल है। पहले काम के बाद बाहर महंगा खाना खाना पड़ता था, अब 10 रुपये में अच्छा और संतुलित खाना मिल रहा है।