हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एचएटीएस) ने पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े दो इनामी आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिला स्थित गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ निवासी बलविंद्र सिंह उर्फ छनकु और ढाणी जला लखे के हिठाड़ निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू के तौर पर हुई है। बलविंद्र सिंह पर 50 हजार रुपये और सुखविंद्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और यह पूरा गिरोह अमेरिका में बैठे हैंडलर के संपर्क में था। दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।